मंडी। मंडी जिला के धर्मपुर विकास खंड की ग्राम पंचायत सिद्धपुर में पंचायती राज चुनावों की सरगर्मी के बीच एक युवा और पढ़े-लिखे चेहरे ने प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल कर चुनावी माहौल में नई ऊर्जा भर दी है। एमएससी बायोटेक्नोलॉजी एवं बीएड प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण अजय कुमार ने पंचायत प्रधान पद के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। पंचायत से जुड़े मामलों और समस्याओं के खिलाफ मुखर आवाज उठाते रहे हैं।


अजय कुमार ने अपनी चुनावी दावेदारी पेश करते हुए कहा कि उनका लक्ष्य सिद्धपुर पंचायत को न केवल राज्य बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे पूर्व प्रधानों या प्रतिनिधियों द्वारा किए गए कार्यों को नकारने की बजाय उन्हें आगे बढ़ाते हुए नए विकास की राह तैयार करेंगे। उन्होंने कहा कि मैं बिल्कुल भी बदले की भावना से काम नहीं करूंगा, पंचायत को आदर्श बनाने के लिए सही मंच पर सही आवाज उठाना और हर संभव स्रोत से विकास लाना मेरी प्राथमिकता होगी।


अजय कुमार ने अपने एजेंडे में शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि वे पंचायत के स्कूलों और सरकारी संस्थानों में बुनियादी सुविधाओं के विकास के साथ.साथ युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित और तैयार करने का काम करेंगे। इसके अलावा युवाओं के लिए खेल और उनकी रुचि के अनुसार सुविधाओं का विकास, सरकारी योजनाओं का लाभ आम जन तक पहुंचानाए पंचायत स्तर पर पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना तथा महिलाओं और बुजुर्गों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाना उनके मुख्य मुद्दे हैं।


उन्होंने कहा कि मेरा उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं बल्कि युवाओं, बुजुर्गों, महिलाओं और हर वर्ग की आवाज बनकर पंचायत को नई दिशा देना है। अजय कुमार ने शिक्षा, ईमानदारी और सेवा की भावना को अपना आधार बनाकर चुनाव मैदान में कदम रखने की बात कही। पंचायत की समस्याओं को करीब से देखने और समझने का अनुभव रखने वाले इस युवा उम्मीदवार की दावेदारी ने सिद्धपुर पंचायत के चुनावी समीकरणों को नया मोड़ दे दिया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *