तेजी से हो रहे शहरीकरण और कंक्रीट के अंधाधुंध विस्तार ने आधुनिक इंसानों को प्राकृतिक वनस्पतियों और हरियाली से कोसों दूर कर दिया है। आज हमारी जिंदगी इतनी तेज भाग रही है कि मनुष्य रोजमर्रा के कामों, ऑफिस की दौड़-भाग और अनगिनत जिम्मेदारियों की आपाधापी में अपने साथ कुछ पल बिताना कहीं भूल सा गया है। आधुनिक जीवन की इस यांत्रिक शैली ने लोगों को तनाव और अवसाद की ओर धकेल दिया है। ऐसे में, कंक्रीट के इन जंगलों के बीच सजे प्राकृतिक स्थल, पार्क और हरित गलियारे लोगों को कुछ पल बैठकर खुद के साथ संवाद करने और आत्ममंथन करने का अमूल्य अवसर प्रदान करते हैं। यही कारण है कि सुविचारित पौधरोपण अब केवल शहरों की सजावट या विलासिता का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि यह हमारी शहरी आधारभूत संरचना का एक अनिवार्य और जीवनरक्षक हिस्सा बनता जा रहा है।

सुव्यवस्थित शहरी भू-दृश्य यानी अर्बन लैंडस्केप कंक्रीट से भरे बेजान स्थानों को ऐसे जीवंत क्षेत्रों में बदल सकते हैं जो देखने में आकर्षक होने के साथ-साथ कार्यात्मक और पारिस्थितिक रूप से पूरी तरह उत्तरदायी हों। इसका मुख्य उद्देश्य केवल शहरों में हरियाली का आंकड़ा बढ़ाना नहीं है, बल्कि प्रकृति को शहर के दैनिक जीवन का एक उपयोगी, व्यावहारिक और अभिन्न हिस्सा बनाना है। यह जितना दिखाई देता है, उससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण है, क्योंकि एक हरा-भरा शहर ही स्वस्थ नागरिकों की नींव रख सकता है।

यह समझना बेहद आवश्यक है कि शहरी उद्यानिकी की यह जरूरत मैदानी और पहाड़ी इलाकों में अपनी अलग भौगोलिक, जलवायु और पारिस्थितिक मांग रखती है। मैदानी क्षेत्रों में कंक्रीट का विस्तार, सड़कों का डामरीकरण और वाहनों का अत्यधिक धुआँ तापमान को तेजी से बढ़ा रहा है, जिसे वैज्ञानिक भाषा में ‘अर्बन हीट आइलैंड’ प्रभाव कहा जाता है। यहाँ बहुमंजिला इमारतें और चौड़ी सड़कें दिनभर सूर्य की गर्मी को सोखती हैं और रात में छोड़ती हैं, जिससे शहर भट्ठी बन जाते हैं। ऐसे में मैदानी शहरों में तापमान को नियंत्रित करने, उड़ने वाले धूल-कणों को रोकने और वायु प्रदूषण को प्रभावी रूप से कम करने के लिए बड़े पैमाने पर लेयरिंग पौधरोपण, सड़क किनारे के हरित गलियारे और विस्तृत पार्क जीवन रेखा का काम करते हैं। यहाँ भू-दृश्य का उद्देश्य शहरों को शीतल रखना, भूजल का पुनर्भरण करना और प्रदूषण के स्तर को नीचे लाना है।

दूसरी ओर, पहाड़ी क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति, ढलान और प्राकृतिक चुनौतियाँ मैदानी इलाकों से बिल्कुल भिन्न हैं। अंधाधुंध निर्माण, वनों की कटाई और अनियोजित विकास के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, मृदा अपरदन और पारंपरिक जल स्रोतों के सूखने का खतरा लगातार खतरनाक स्तर तक बढ़ रहा है। ऐसे में पहाड़ों पर उद्यानिकी केवल सौंदर्यीकरण का विषय नहीं, बल्कि भू-संरक्षण और जीवन-रक्षा की एक बहुत बड़ी आवश्यकता है। पहाड़ों की ढलानों पर स्थानीय प्रजाति के मजबूत पेड़-पौधों, झाड़ियों और लताओं का व्यवस्थित रोपण मिट्टी की पकड़ को मजबूत रखता है और आपदाओं के जोखिम को कम करता है। इसके अलावा, पहाड़ों के पारंपरिक जल स्रोतों जैसे प्राकृतिक धाराओं, गाड़ों, नौलों और झीलों के किनारों को हरित पट्टियों से सुरक्षित करना वहाँ की नाजुक पारिस्थितिकी को बचाने के लिए अति आवश्यक है।

शहरी उद्यानिकी का सबसे प्रत्यक्ष और स्पष्ट योगदान हमारे पर्यावरण का सौंदर्यीकरण है। हरे-भरे पेड़, मौसम के अनुकूल खिलने वाले रंग-बिरंगे फूल और सघन झाड़ियाँ कठोर तथा संवेदनहीन शहरी वातावरण को कोमल और आकर्षक बनाते हैं। लेकिन इसका महत्व केवल दूर से सुंदर दिखने तक सीमित नहीं है। वनस्पतियों से युक्त ये क्षेत्र शहरों के भीतर सूक्ष्म या लघु पारिस्थितिकी तंत्र की तरह कार्य करते हैं। वायु को स्वच्छ करना, तापमान को संतुलित रखना, भूजल का संरक्षण तथा पुनर्भरण करना, मृदा का अपरदन रोकना और स्थानीय जैव विविधता को पुनर्जीवित करना इनका मुख्य कार्य है। एक छोटा-सा सुव्यवस्थित हरित क्षेत्र भी शहर की पारिस्थितिक मजबूती में मील का पत्थर साबित हो सकता है।

जब हम स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से देखते हैं, तो पाते हैं कि एक शांत, स्वच्छ और हरित वातावरण नागरिकों को मानसिक शांति प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें सुबह-शाम टहलने और बाहरी गतिविधियों के लिए प्रेरित करता है। आज की जीवनशैली में बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं और मानसिक तनाव से निपटने के लिए यह प्राकृतिक चिकित्सा का काम करता है। इस दृष्टि से हरित क्षेत्र केवल सजावट की वस्तु नहीं, बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक शहरी बुनियादी ढांचा हैं। इसके साथ ही, यह आर्थिकी को भी एक नया आयाम देता है। बड़े पैमाने पर पौध उत्पादन, आधुनिक नर्सरी प्रबंधन, लैंडस्केप डिजाइन, वैज्ञानिक पौधरोपण तथा पार्कों के रखरखाव जैसी गतिविधियाँ मिलकर एक वर्षभर चलने वाली मजबूत आर्थिक श्रृंखला का निर्माण करती हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर युवाओं और कुशल कामगारों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होते हैं।

शहरों में हरियाली लाने के लिए उपलब्ध हर इंच भूमि का रचनात्मक उपयोग जरूरी है। सड़कें शहर में हरियाली लाने के सबसे बड़े अवसरों में से एक हैं, जहाँ सड़क किनारे परतदार पौधरोपण बहुत प्रभावी हो सकता है। इसमें सबसे ऊपरी स्तर पर बड़े छायादार वृक्ष, उसके बाद ऊँची फूलदार झाड़ियाँ, फिर मध्यम आकार की झाड़ियाँ और सबसे नीचे बौने फूलदार पौधे लगाकर एक ही हरित गलियारे में अद्भुत ऊँचाई और संरचना विकसित की जा सकती है। इसी प्रकार, शहर के गोल चक्कर शहरी भू-दृश्य को आकर्षक बनाने के अनूठे अवसर प्रदान करते हैं। इनके मध्य में बड़े वृक्ष या पाम, उनके चारों ओर ऊँची या मध्यम झाड़ियाँ और सबसे बाहरी हिस्से में रंगीन फूल लगाकर शहरों की एक विशिष्ट और सुंदर पहचान बनाई जा सकती है।

यह ध्यान रखना भी जरूरी है कि भू-दृश्य केवल जमीन की सतह तक सीमित नहीं होना चाहिए। आज के समय में भवनों की बाहरी दीवारों पर सुंदर लताएँ और ऊँचे पौधे लगाकर वर्टिकल गार्डन विकसित किए जा सकते हैं। बालकनियों में हल्की झाड़ियाँ और हैंगिंग बास्केट लगाकर उन स्थानों पर भी हरियाली लाई जा सकती है जहाँ जमीन पर पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं होता है। इसके अलावा, टैरेस गार्डन खाली पड़ी छतों के उपयोग का सबसे प्रभावी माध्यम हैं, जहाँ कठोर पौधे, सजावटी वनस्पतियाँ, टोपियरी, मौसमी फूल, ताजी सब्जियाँ और औषधीय जड़ी-बूटियाँ उगाई जा सकती हैं। इस प्रकार टैरेस गार्डन सौंदर्य के साथ-साथ उपयोगी और उत्पादक स्थान भी बन जाते हैं जो परिवारों को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने में मदद करते हैं।

शिक्षा के क्षेत्र में भी उद्यानिकी की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों में लघु वनस्पति उद्यान विकसित किए जाने चाहिए। इनके माध्यम से सब्जी उत्पादन, पुष्प उत्पादन तथा औषधीय एवं हर्बल पौधों की जानकारी बच्चों को केवल किताबी रूप से पढ़ाने के बजाय व्यावहारिक रूप से सीखने का अनूठा अवसर मिल सकता है। इसके अलावा, ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थलों पर ऐसे पौधों और वृक्षों का चयन किया जा सकता है जिनका उस स्थान से गहरा ऐतिहासिक या धार्मिक महत्व जुड़ा हो। इससे उस स्थान की सांस्कृतिक पहचान मजबूत होने के साथ-साथ वनस्पतियों को विरासत संरक्षण के साथ जोड़ा जा सकता है। शहरों में अक्सर उपेक्षित रहने वाले नालों और नहरों के किनारे भी उद्यानिकी की अपार संभावनाएँ हैं। वहाँ सुगंधित फूलदार पौधों एवं वृक्षों का रोपण सौंदर्य बढ़ाने के साथ-साथ मिट्टी को मजबूती से बाँधने में भी सहायता करता है। इसी प्रकार, तालाबों और झीलों के किनारों पर फूलदार झाड़ियों का उपयोग करके जल स्रोतों के चारों ओर आकर्षक हरित पट्टी बनाई जा सकती है।

शहरी भू-दृश्य और उद्यानिकी का भविष्य केवल अलग-अलग स्थानों पर छिटपुट पौधे लगाने में नहीं है, बल्कि एक व्यापक और एकीकृत शहरी हरित योजना विकसित करने में है। सड़कें, गोल चक्कर, भवन, टैरेस, विद्यालय, विरासत स्थल, नाले और जल स्रोत—इन सबको एक-दूसरे से जुड़े हुए हरित नेटवर्क के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। रंग और संरचना के अलावा किसी भी भू-दृश्य की वास्तविक सफलता इस बात में है कि वह एक साथ सौंदर्य, पारिस्थितिक मूल्य और दैनिक उपयोगिता प्रदान करे। यही शहरी उद्यानिकी का वास्तविक उद्देश्य है।

एक सुव्यवस्थित शहर केवल ऐसा शहर नहीं है जहाँ केवल अधिक पौधे लगे हों, बल्कि वह ऐसा शहर है जहाँ प्रकृति को मानवीय जीवनशैली में गहराई से बुन दिया गया हो। एक रंगीन गोल चक्कर से लेकर पहाड़ी ढलानों तक, विद्यालय के छोटे से वनस्पति उद्यान से लेकर सुंदर बनाए गए नहर किनारे तक—हर उपलब्ध स्थान शहर के पर्यावरण को बेहतर बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। आवश्यकता इस बात की है कि हम व्यक्तिगत स्तर से लेकर प्रशासनिक स्तर तक इस दिशा में गंभीर प्रयास करें, ताकि हमारे शहर केवल ईंट-पत्थर के ढेर न बनकर साँस लेते हुए जीवंत स्थल बन सकें।

डॉ. किरण

डॉ. अजय कुमार कौशिक

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *