स्थानीय उत्पादों को मिलेगी अलग पहचान, ब्रांडिंग और बाजार से जुड़ने के खुलेंगे रास्ते

किलाड़ (पांगी)। पांगी के किसानों और स्थानीय उद्यमियों को अब अपने उत्पादों की पहचान और बेहतर बाजार के लिए केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं रहना पड़ेगा। विधायक डॉ. जनक राज के प्रयासों से क्षेत्र के पारंपरिक एवं विशिष्ट उत्पादों को ब्रांडिंग, बौद्धिक संपदा अधिकारों (IPR), मूल्य संवर्धन और बेहतर विपणन से जोड़ने की दिशा में पहल की जा रही है। इसका सीधा उद्देश्य किसानों को उनकी मेहनत और उत्पादों का बेहतर आर्थिक लाभ दिलाना तथा स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर तैयार करना है।

इसी पहल के तहत किलाड़ में बौद्धिक संपदा अधिकारों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पांगी के विभिन्न क्षेत्रों के करीब 20 किसानों ने भाग लिया। पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (PHDCCI) द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में किसानों को ट्रेडमार्क, कॉपीराइट, भौगोलिक संकेतक (GI) और पेटेंट की जानकारी दी और उद्यमियों को उद्यम पोर्टल पर पंजीकरण, सरकारी विभागों में विक्रेता पंजीकरण, आवश्यक दस्तावेजों, ई-टेंडरिंग प्रक्रिया और बैंकों के माध्यम से उपलब्ध ऋण एवं सब्सिडी सुविधाओं की जानकारी दी गई।

पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के क्षेत्रीय निदेशक अनिल कुमार सौंखला ने कहा कि पांगी जैसे विशिष्ट भौगोलिक और सांस्कृतिक पहचान वाले क्षेत्र के उत्पादों को बौद्धिक संपदा अधिकारों के माध्यम से अलग पहचान दिलाई जा सकती है। इससे किसानों के उत्पादों की ब्रांड वैल्यू बढ़ेगी, उनकी विशिष्ट पहचान सुरक्षित होगी और बाजार में बेहतर कीमत हासिल करने के अवसर मिलेंगे। उन्होंने बताया कि पीएचडीसीसीआई का बौद्धिक संपदा सुविधा केंद्र (IPFC) किसानों और उद्यमियों को अपने उत्पादों एवं नवाचारों के पंजीकरण और संरक्षण में आवश्यक मार्गदर्शन व सहयोग प्रदान करेगा।

विधायक डॉ. जनक राज ने कहा कि पांगी के किसान मेहनत से विशिष्ट उत्पाद तैयार करते हैं, लेकिन उन्हें उनकी उपज का पूरा आर्थिक लाभ तभी मिलेगा, जब उत्पादों को उचित पहचान, ब्रांडिंग और बाजार उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य पांगी के किसानों को केवल उत्पादन करने वाले किसान तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें उत्पादों के मूल्य संवर्धन, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और विपणन से जोड़कर उद्यमी के रूप में आगे बढ़ाना है। स्थानीय उत्पादों की पहचान स्थापित होने से किसानों की आय बढ़ेगी और क्षेत्र के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि किसानों और उद्यमियों को विशेषज्ञ संस्थानों, विभागों और बाजार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बौद्धिक संपदा अधिकारों की जानकारी और उनका संरक्षण इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पांगी के पारंपरिक उत्पादों को उचित पहचान दिलाकर उन्हें व्यापक बाजार तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम के दौरान किसानों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच क्षेत्र की विकास संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। टिकाऊ कृषि, स्थानीय उत्पादों के मूल्य संवर्धन, आजीविका के नए साधन विकसित करने और बेहतर बाजार संपर्क स्थापित करने के लिए आपसी सहयोग पर विचार-विमर्श किया गया।

विधायक के प्रयासों से पांगी में कृषि को केवल परंपरागत आजीविका तक सीमित रखने के बजाय इसे मूल्य संवर्धन और उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में काम हो रहा है। इससे स्थानीय उत्पादों को पहचान, किसानों को बेहतर बाजार और युवाओं को अपने क्षेत्र में आर्थिक रूप से आगे बढ़ने के नए अवसर उपलब्ध करवाने का मार्ग प्रशस्त हो रहा है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *