राज्यपाल कविंद्र गुप्ता से मिले HPPSC के अध्यक्ष और सदस्य शिमला। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) के अध्यक्ष कैप्टन रामेश्वर सिंह ठाकुर और आयोग के अन्य सदस्यों ने हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता से लोकभवन शिमला में शिष्टाचार भेंट की। इस बैठक में आयोग की वर्तमान गतिविधियों, भर्ती प्रक्रियाओं और प्रशासनिक सुधारों पर विस्तृत चर्चा की गई। HPPSC अध्यक्ष ने राज्यपाल को आयोग द्वारा संचालित परीक्षाओं और सरकारी सेवाओं के लिए चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता, दक्षता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के प्रयासों से अवगत कराया। साथ ही आयोग के कार्य संचालन से जुड़े विभिन्न संस्थागत और प्रशासनिक पहलुओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने भर्ती प्रक्रिया को अधिक सरल और पारदर्शी बनाने में आयोग की भूमिका की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से सूचना प्रौद्योगिकी (IT) आधारित आधुनिक प्रणालियों को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि इससे परीक्षा और चयन प्रक्रिया में जवाबदेही और दक्षता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि एक निष्पक्ष और विश्वसनीय भर्ती प्रणाली न केवल शासन में जन विश्वास को मजबूत करती है, बल्कि राज्य के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है। इस अवसर पर आयोग के सदस्य कर्नल राजेश कुमार शर्मा, डॉ. पवनेश शर्मा, प्रो. ममता मोक्टा, राखिल काहलों, सचिव निवेदिता नेगी और अतिरिक्त सचिव छवि नांटा भी उपस्थित रहीं। Post navigation आर्मी ट्रेनिंग कमांड अलंकरण समारोह में उत्कृष्ट संस्थानों और सैन्य कर्मियों को मिला सम्मान शिमला में GI महोत्सव, पीटरहॉफ में देशभर के GI उत्पादों की प्रदर्शनी