शिमला। हिमाचल प्रदेश बजट 2026-27 में पैरा मिलिट्री वेलफेयर बोर्ड के गठन की घोषणा को लेकर हिमाचल प्रदेश राज्य एक्स-पैरा मिलिट्री कोऑर्डिनेशन एंड वेलफेयर एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया है। इस ऐतिहासिक निर्णय को पैरा मिलिट्री समुदाय के लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करने वाला कदम माना जा रहा है।

एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया और कहा कि इस पहल से पैरा मिलिट्री बलों के सेवारत एवं सेवानिवृत्त कर्मियों, वीर नारियों और उनके परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और पैरा मिलिट्री समुदाय के प्रति संवेदनशीलता का प्रतीक बताया।

प्रतिनिधिमंडल ने उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया का भी विशेष आभार व्यक्त किया, जिन्होंने इस मुद्दे को प्रभावी ढंग से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, साथ ही अन्य विधायकों के सहयोग के लिए भी धन्यवाद दिया गया। एसोसिएशन के मुताबिक पैरा मिलिट्री वेलफेयर बोर्ड का गठन राज्य में इस समुदाय के समग्र कल्याण के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार पूर्व सैनिकों और पैरा मिलिट्री कर्मियों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उनके हितों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *