शिमला। किसान–बागवानों तक नई कृषि तकनीकें पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाली कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन एजेंसी (आतमा) के तहत कार्यरत हिमाचल प्रदेश के कृषि कर्मचारियों की संगठनात्मक इकाई, हिमाचल प्रदेश आतमा एसोसिएशन को नया नेतृत्व मिल गया है। एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक में सर्वसम्मति से संजय नायक को हिमाचल प्रदेश आतमा एसोसिएशन का प्रदेश अध्यक्ष चुना गया।

प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने के बाद संजय नायक ने कहा कि वे एक दशक से अधिक समय से संगठन से जुड़े हैं और आगे भी एसोसिएशन को और अधिक संगठित व सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। उन्होंने कहा कि आतमा परियोजना के अंतर्गत काम कर रहे सभी कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा।

संजय नायक ने जानकारी दी कि प्रदेश के सभी जिलों में आतमा एसोसिएशन की कार्यकारिणी का गठन किया जा चुका है और प्रत्येक ज़िले में अध्यक्षों की नियुक्ति भी कर दी गई है। कुछ स्थानों पर नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि कुछ ज़िलों में पूर्व अध्यक्षों पर ही सदस्यों ने भरोसा जताया है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कृषि क्षेत्र से जुड़ी केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुँचाने में आतमा कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ये कर्मचारी खेतों तक जाकर किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन दे रहे हैं और योजनाओं की सही जानकारी और लाभ किसानों तक पहुँचा रहे हैं, जिससे किसान समृद्धि की ओर बढ़ रहे हैं।

संजय नायक ने आतमा परियोजना के तहत कार्यरत कंप्यूटर प्रोग्रामर, अकाउंटेंट्स, एसपीआईयू टीम सहित सभी स्टाफ के योगदान की सराहना की और कहा कि सभी मिलकर संगठन को मज़बूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संगठन के तहत कार्यरत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याओं को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। साथ ही, शिमला स्थित प्रदेश मुख्यालय में उच्च अधिकारियों के समक्ष भी कर्मचारियों की मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे।

संजय नायक ने विश्वास जताया कि संगठन के सभी सदस्यों के सहयोग से हिमाचल प्रदेश आतमा एसोसिएशन और अधिक सशक्त बनेगा और भविष्य में आने वाली हर चुनौती का मिलकर समाधान किया जाएगा।

By admin