264 बिस्तरों की क्षमता वाले अस्पताल में मिलेगा समग्र उपचार शिमला। हिमाचल प्रदेश में लगातार बढ़ते कैंसर मामलों और सीमित विशेष उपचार सुविधाओं के बीच राज्य सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ा और दूरगामी कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, हमीरपुर में अत्याधुनिक राज्य कैंसर केयर सेंटर स्थापित किया जाएगा, जो प्रदेश में कैंसर उपचार की दिशा और दशा बदलने का कार्य करेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस कैंसर केयर सेंटर में रोगियों को समग्र उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 11 सुपर स्पेशियलिटी विभाग स्थापित किए जाएंगे। इनमें मेडिकल ऑन्कोलॉजी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी, पीडियाट्रिक ऑन्कोलॉजी, गायने ऑन्कोलॉजी, पेन पैलिएशन, न्यूक्लियर मेडिसिन, एनेस्थीसियोलॉजी एवं क्रिटिकल केयर, ऑन्को पैथोलॉजी, रेडियोलॉजी इमेजिंग तथा स्टेम सेल एवं बोन मैरो ट्रांसप्लांटेशन शामिल हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की स्वास्थ्य प्रणाली को जमीनी स्तर से सशक्त बना रही है। उन्होंने कहा कि कैंसर के बढ़ते मामलों को देखते हुए अब केवल उपचार ही नहीं, बल्कि प्रारंभिक जांच, रोकथाम, समय पर निदान, निगरानी और वैज्ञानिक रिकॉर्डिंग पर भी समान रूप से फोकस किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राथमिक स्वास्थ्य संस्थानों से लेकर उच्च स्तरीय कैंसर देखभाल केंद्रों तक बेहतर समन्वय स्थापित करना समय की मांग है। इसी सोच के तहत हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में राज्य कैंसर सेंटर स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिस पर चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा तेजी से कार्रवाई की जा रही है। प्रस्तावित कैंसर केयर सेंटर 264 बिस्तरों की क्षमता वाला होगा और इसे विशेष रूप से कैंसर रोगियों के लिए समर्पित किया जाएगा। संस्थान में अत्याधुनिक क्लिनिकल लैब, ओपीडी सेवाएं, फार्मेसी, इमरजेंसी वार्ड, न्यूक्लियर मेडिसिन ओपीडी, पंजीकरण इकाई और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। केंद्र के सुचारू संचालन के लिए पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित मेडिकल, पैरामेडिकल और सहायक स्टाफ की नियुक्ति की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता संभालने के बाद प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार और आधुनिकीकरण की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि एम्स दिल्ली की तर्ज पर राज्य के प्रमुख अस्पतालों में पुरानी मशीनरी को हटाकर विश्वस्तरीय आधुनिक उपकरण स्थापित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू ने उत्तर-पूर्वी राज्यों के बाद हिमाचल प्रदेश में कैंसर की उच्च दर पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस उच्च स्तरीय कैंसर अस्पताल की स्थापना से प्रदेश के लोगों को बाहर के राज्यों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और उन्हें अपने ही राज्य में सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण कैंसर उपचार मिल सकेगा। Post navigation मंडी अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेले में प्राकृतिक खेती मॉडल, रसायनरहित आटा बिक्री के लिए उपलब्ध