शिमला। हिमाचल प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से शिमला में एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) और आईटी स्टाफ ने भाग लिया। कार्यशाला की अध्यक्षता उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शिमला अनुपम कश्यप ने की। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि SIR प्रक्रिया के तकनीकी पहलुओं को गहराई से समझना अत्यंत आवश्यक है, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण में किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण चरणबद्ध तरीके से उच्च स्तर से लेकर जमीनी स्तर तक दिया जा रहा है और सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे इसे गंभीरता से लें। उन्होंने जानकारी दी कि जिला शिमला में वर्ष 2002 से 2025 तक की मतदाता सूचियों का मिलान किया गया, जिसमें 98 प्रतिशत सटीकता पाई गई। उन्होंने कहा कि हर पात्र नागरिक तक फॉर्म पहुंचाना निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की जिम्मेदारी है, ताकि कोई भी योग्य मतदाता सूची से वंचित न रहे। उपायुक्त ने यह भी कहा कि आने वाले समय में SIR के साथ-साथ जनगणना और पंचायती राज चुनाव भी प्रस्तावित हैं, ऐसे में अधिकारियों को संसाधनों और जनशक्ति का तर्कसंगत प्रबंधन करना होगा। साथ ही, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी देना सुनिश्चित किया जाए। अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. मुरारी लाल ने कहा कि देश के 12 राज्यों में SIR प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब हिमाचल प्रदेश में इसे लागू किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से प्रशिक्षण में दिए गए निर्देशों का सख्ती से पालन करने और यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल होने से न छूटे। प्रशिक्षण सत्र के दौरान विशेषज्ञों द्वारा SIR प्रक्रिया की रूपरेखा, अधिकारियों की भूमिकाएं और आईटी एप्लिकेशनों के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही स्वीप (SVEEP), मीडिया समन्वय, सोशल मीडिया प्रबंधन और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई। कार्यशाला में बताया गया कि अगला चरण जिला स्तर और बूथ स्तर पर प्रशिक्षण का होगा, जिसमें उन कर्मचारियों को भी शामिल किया जाएगा जो इस सत्र में भाग नहीं ले सके। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त शिमला सचिन शर्मा, एडीएम (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा सहित निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। Post navigation हिमाचल में डेयरी क्रांति: किसानों को सीधे भुगतान पर जोर, मिल्क फेड–एनडीडीबी के बीच 3 बड़े समझौते संजय नायक बने हिमाचल प्रदेश आतमा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष